ज्योति बसु की तबीयत बिगड़ी, हालत चिंताजनक

अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक देबाशीष शर्मा ने बताया कि उनकी हालत चिंताजनक है। बसु के निजी सहायक जॉयकृष्ण घोष ने बताया, "बसु को सांस लेने में तकलीफ हो रही है और बुधवार सुबह उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। चिकित्सकों ने उनको तत्काल वेंटिलेटर पर रखा।"
निमोनिया के कारण बसु (95 वर्ष) को कोलकाता के साल्टलेक स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार शाम को जारी चिकित्सा बुलेटिन में कहा गया था कि बसु को तरल आहार दिया जा रहा है और उनका रक्त दबाव सामान्य बताया गया था।
वर्ष 1914 में कोलकाता में जन्में बसु जून 1977 में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बने। स्वास्थ्य कारणों से उन्होंने नवंबर 2000 में मुख्यमंत्री पद छोड़ दिया था। माकपा के संस्थापक सदस्यों में से एक बसु का वर्ष 1996 में प्रधानमंत्री बनना तय था लेकिन पार्टी ने इस प्रस्ताव पर वीटो कर दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications