अमेरिका ने आंध्र की यात्रा संबंधी चेतावनी जारी की
वाशिंगटन, 30 दिसम्बर (आईएएनएस)। पृथक तेलंगाना राज्य के मुद्दे पर आंध्र प्रदेश में जारी हिंसक प्रदर्शनों को देखते हुए अमेरिकी सरकार ने नागरिकों को इस राज्य की यात्रा पर जाने से परहेज करने की सलाह दी है।
अमेरिकी विदेश विभाग द्वारा मंगलवार को जारी एक बयान में कहा, "अमेरिकी सरकार को लगातार इस बात की सूचनाएं मिल रही हैं कि आतंकवादी संगठन भारत में हमले की योजना बना रहे हैं।" विदेश विभाग द्वारा 31 अक्टूबर के बाद से ही यह तीसरी चेतावनी जारी की गई है। नई चेतावनी की समयसीमा 31 जनवरी को समाप्त होगी।
भारत में सुरक्षा चिंताओं के मद्देनजर अमेरिकी नागरिकों को जारी सलाह में कहा गया है कि आतंकवादी और उनसे सहानुभूति रखने वाले लोग अमेरिका और पश्चिमी देशों के नगारिकों को पहले ही निशाना बनाने की अपने मंशा जाहिर कर चुके हैं और उनके पास ऐसा करने की क्षमता भी है।
विदेश विभाग का कहना है कि इसके अतिरिक्त भारत के राज्य आंध्र प्रदेश में पृथक तेलंगाना के मुद्दे पर हिंसा की संभावना है।
अमरिकियों को इस बात की सलाह दी गई है कि वे किसी भी धार्मिक स्थल या सार्वजनिक जगहों पर जाने से पहले स्थानीय हालातों और वहां की सुरक्षा व्यवस्था पर गहन विचार विमर्श करने के बाद ही होटल, रेस्तरां और मनोरंजन स्थलों का चयन करें।
विदेश विभाग द्वारा जारी बयान में अमेरिकी नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे तेलंगाना और हैदराबाद के हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में जाने से परहेज करें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications