गुआंटानामो के पूर्व कैदी डेट्रॉयट विमान कांड के षड्यंत्रकर्ता : रिपोर्ट
वाशिंगटन, 30 दिसम्बर (आईएएनएस)। गुआंटानामो जेल में बंद रह चुके दो व्यक्तियों को क्रिसमस वाले दिन एक अमेरिकी विमान को उड़ाने के विफल प्रयास का प्रमुख षड्यंत्रकर्ता माना जा रहा है। टेलीविजन नेटवर्क एबीसी ने मंगलवार को एक अमेरिकी अधिकारी और सुरक्षा विभाग के दस्तावेजों के आधार पर यह खबर दी।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार गुआंटानामो जेल में बंद मुहम्मद अत्तिक अल-हार्बी और सैद अली शारी को नवंबर 2007 में सऊदी अरब भेजा गया था और बाद में उनको रिहा कर दिया गया। उन्हें यमन के उन चार संदिग्ध आतंकवादियों में शामिल माना जा रहा है जिन्होंने गत शुक्रवार को विमान को उड़ाने की साजिश रची। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार अल-हार्बी ने बाद में अपना नाम बदलकर मुहम्मद अल-अवफी कर दिया।
अमेरिकी अधिकारी ने एबीसी को बताया कि अल-अवफी और शारी सऊदी अरब के नागरिक हैं और रिहा होने के बाद से दोनों यमन में अलकायदा के शीर्ष नेतृत्व में शामिल हो गए हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने गुआंटानामो जेल को बंद करने का वादा किया है लेकिन अधिकारियों के अनुसार 22 जनवरी की तय समय सीमा तक जेल को बंद नहीं किया जा सकता। गुआंटानामो में बचे 200 कैदियों में से करीब आधे यमन के हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications