ओबामा ने विमान कांड को भारी चूक कहा
वाशिंगटन, 30 दिसम्बर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि खुफिया विभाग को सूचना होने के बावजूद तंत्र और इंसानों की मिलीजुली विफलता के कारण एक संदिग्ध आतंकवादी क्रिसमस के दिन अमेरिकी विमान में सवार होने में सफल हो गया।
हवाई में छुट्टियां मना रहे ओबामा ने मंगलवार को एक संक्षिप्त बयान में कहा कि नाइजीरियाई संदिग्ध उमर फारुक अब्दुलमुतल्लब को एम्सटरडम से डेट्रॉयट जा रही नार्थवेस्ट एयरलाइंस की उड़ान में सवार होने से रोकने के लिए पर्याप्त सूचनाएं होनी चाहिए थीं।
ओबामा ने कहा, "व्यवस्था विफल हुई और मैं मानता हूं कि यह पूरी तरह अस्वीकार्य है। पहले ही साफ हो चुका है कि यह इंसानों और तंत्र की सामूहिक विफलता है, इससे संभवत: विनाशकारी साबित हो सकने वाली सुरक्षा चूक हुई।"
उन्होंने कहा, "हमें इस घटना से सबक सीखने और व्यवस्था की कमियों को दूर करने के लिए तत्काल कार्य करने की आवश्यकता है क्योंकि हमारी सुरक्षा और लोगों के जीवन दांव पर हैं।" पिछले दो दिनों के भीतर ओबामा का यह दूसरा बयान है।
समाचार पत्र 'न्यूयार्क टाइम्स' के अनुसार विमान में विस्फोट के विफल प्रयास के बारे में सरकार के पास पहले से ही काफी सूचनाएं थीं और इस बात के संकेत भी हैं कि इनकी जानकारी विभिन्न एजेंसियों को दी गई थी।
दो अज्ञात अधिकारियों ने अमेरिकी दैनिक को बताया कि शुक्रवार से पहले ही सरकार के पास यमन से इस आतंकवादी हमले के बारे में सूचना मिली थी। अलकायदा के एक धड़े के सरगना ने एक नाइजीरियाई के आतंकवादी हमले की तैयारी के बारे में बात की थी।
सूचना में नाइजीरियाई का नाम नहीं दिया गया था परंतु यह स्पष्ट हो गया था कि वह अब्दुलमुतल्लब है। सरकार को अब्दुलमुतल्लब की स्थिति और उसकी योजना के बारे में भी काफी सूचनाएं थीं।
अखबार के अनुसार विस्फोट के विफल प्रयास के पीछे अलकायदा का हाथ होने के बारे में सरकारी अधिकारियों का विश्वास बढ़ता जा रहा है। अलकायदा की यमन शाखा ने इसकी सार्वजनिक जिम्मेदारी भी ली।
ओबामा ने स्वयं कहा कि अमेरिकी खुफिया अधिकारियों को ऐसे संकेत मिले थे कि अब्दुलमुतल्लब आतंकवादी हो सकता है लेकिन उसे अमेरिकी विमान पर सवार होने से रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications