कन्नड़ सुपर स्टार विष्णुवर्धन नहीं रहे (लीड-1)
बेंगलुरू, 30 दिसम्बर (आईएएनएस)। कन्नड़ फिल्मों के सुपर स्टार विष्णुवर्धन का बुधवार तड़के दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 60 वर्ष के थे।
विष्णुवर्धन का विगत कई दिनों से मैसूर के विक्रम अस्पताल में उपचार चल रहा था। मंगलवार शाम जांच के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत को अच्छी बताया था। परंतु बुधवार तड़के उनके सीने में दर्द उठा जिसके बाद उनको बचाया नहीं जा सका।
विष्णुवर्धन के परिवार में पत्नी भारती विष्णुवर्धन और दो बेटियां कीर्ति एवं चंदना हैं। भारती भी अभिनेत्री हैं। कर्नाटक सरकार ने उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार करने का आदेश दिया है।
बेंगलुरू में दिवंगत अभिनेता के आवास से जयनगर कोस्मोपोलिटन क्लब मैदान तक की शव यात्रा के लिए सुरक्षा के पूरे प्रबंध किए गए हैं। उनके प्रशंसक और परिजन बुधवार सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेंगे।
कर्नाटक फिल्म उद्योग में विष्णुवर्धन के निधन से गहरा शोक है। विष्णुवर्धन को लोग प्यार से 'सहासा सिम्हा' कहा करते थे। उन्हें राजकुमार के बाद कन्नड़ फिल्मों का दूसरा सितारा माना जाता था।
उन्होंने अपने फिल्मी करियर में 199 फिल्मों में काम किया। उनकी दो फिल्में 'आपथा रक्षका' और 'स्कूल मास्टर्स' जल्द ही रिलीज होंगी।
विष्णुवर्धन ने 'नगराहावू', 'आपथा मिथ्रा' और 'लाली' जैसी कई यादगार फिल्मों में काम किया। उन्होंने सात बार राज्य में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और पांच फिल्मफेयर पुरस्कार से नवाजा गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications