क्यूबा ने अमेरिकी राजनयिकों को कैदी से मिलने की इजाजत दी
हवाना, 30 दिसम्बर (आईएएनएस)। क्यूबा ने असंतुष्टों को मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य संचार उपकरण बांटने के आरोप में बंदी बनाए गए अमेरिकी नागरिक से अमेरिकी राजनयिकों को मुलाकात की इजाजत दे दी।
समाचार एजेंसी ईएफई के अनुसार अमेरिकी राजनयिकों ने जेल में बंद अपने नागरिक से मुलाकात की इजाजत मांगी थी। उक्त अमेरिकी नागरिक का नाम दोनों देशों की सरकारों ने जाहिर नहीं किया है।
अमेरिका और क्यूबा के बीच 1961 से ही कूटनीतिक रिश्ते नहीं है, इसके बावजूद दोनों देशों ने 1977 में एक-दूसरे की राजधानियों में अपना कार्यालय खोला था। गत 12 दिसम्बर को अमेरिकी विदेश विभाग ने क्यूबा स्थित डेवलेपमेंट आल्टर्नेटिव इंक (डीएआई) के एक कर्मचारी की गिरफ्तारी के बारे में बयान जारी किया था।
क्यूबा ने पहली बार इस गिरफ्तारी का जिक्र गत 20 दिसम्बर को किया था जब राष्ट्रपति राउल कास्त्रो ने बंदी को अमेरिकी कांट्रेक्टर बताया था।
क्यूबा सरकार आए दिन देश के विपक्षी गुटों को 'अमेरिकी भाड़े के टट्टू' कहकर उनकी आलोचना करती है क्योंकि कुछ असंतुष्ट अमेरिका तथा मियामी में बसे क्यूबावासियों से सहायता लेते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications