यूरेनियम संवर्धन विनिमय पर ईरान ने समयसीमा को फिर नकारा
तेहरान, 30 दिसम्बर (आईएएनएस)। यूरेनियम संवर्धन सौदे पर विश्व शक्तियों द्वारा इस वर्ष के अंत तक तय की गई समय सीमा को ईरान ने फिर खारिज कर दिया है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार ईरान के विदेश मंत्री एम.मोत्ताकी ने कहा, "वास्तव में हमारे पास खुद की एक समय सीमा है। यदि सौदे पर हमें विश्व शक्तियों से उपयुक्त प्रतिक्रिया नहीं मिली तो हम तेहरान के मेडिकल रिएक्टर में और यूरेनियम संवर्धन करेंगे।"
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के पांचों स्थाई सदस्यों अमेरिका, ब्रिटेन, चीन, रूस, फ्रांस सहित जर्मनी ने ईरान को धमकी दी है कि यदि उसने वर्ष के अंत तक एक समझौता सौदे को स्वीकार नहीं किया तो उसके खिलाफ और दंडात्मक कार्रवाई होगी।
अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) की मध्यस्थता में अक्टूबर में तैयार एक समझौते के अनुसार ईरान के कम संवर्धित यूरेनियम को रूस और फ्रांस भेजकर उसका 20 प्रतिशत तक संवर्धन किया जाएगा। इसका उपयोग तेहरान के रिएक्टर में ईंधन के रूप में होगा।
मोत्ताकी ने कहा कि वह अधिक समय तक इंतजार नहीं कर सकते और यदि कम संवर्धित यूरेनियम की खरीद या विनिमय के सौदे पर सहमति नहीं बनी तो ईरान स्वयं यूरेनियम का 20 प्रतिशत तक संवर्धन करेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications