संगम तट पर गुरुवार से शुरू होगा माघ मेला
इलाहाबाद के जिलाधिकारी संजय प्रसाद ने बुधवार को एक संवाददाता सम्मेलन में उम्मीद जताई कि 12 फरवरी तक चलने वाले इस मेले में करीब 1.5 करोड़ श्रद्धालु शामिल होंगे।
प्रसाद ने कहा कि मेले से संबंधित सभी निर्माण कार्य और प्रमुख रूप से स्नान घाटों का निर्माण पूरा कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सात स्नान घाट बनाए गए हैं। माघ मेले में शामिल होने के लिए आने वाले देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए भारी सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
इलाहाबाद परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक चंद्र प्रकाश ने संवाददाताओं से कहा कि 1435 एकड़ क्षेत्र में फैले माघ मेला क्षेत्र को पांच भागों में बांटकर 10 पुलिस थाने बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो, इसके लिए स्थानीय खुफिया इकाई (एलआईयू) खुफिया विभाग (आईबी) विशेष कार्रवाई दस्ते (एसटीएफ) की मदद ली जा रही है।
मेले में विदेशी सैलानियों के आने से स्वाइन फ्लू फैलने की आशंका के मद्देनजर स्वास्थ्य अधिकारियों ने विशेष व्यवस्था की है।
जिले के मुख्य चिकित्साधिकारी आर.डी.द्विवेदी ने संवाददाताओं को बताया कि स्वाइन फ्लू के मामलों से निपटने के लिए हमने जिला अस्पताल में 20 बेड आरक्षित किए हैं जबकि मेला क्षेत्र में स्थित अस्पताल में 4 बेड आरक्षित किए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications