गृह मंत्री ने रुचिका के परिजनों को न्याय दिलाने का भरोसा दिया
गिरहोत्रा ने गृह मंत्री के साथ हुई अपनी मुलाकात को संतोषजनक करार दिया। उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "बैठक से मैं संतुष्ट हूं। उन्होंने (चिदम्बरम) मेरी बातों को धर्य से सुना।"
गिरहोत्रा के साथ चिदम्बरम से मिलने गए उनके वकील पंकज भारद्वाज ने कहा, "मुझे भरोसा है कि हमें न्याय मिलेगा।" उन्होंने कहा, "मामले को फिर से खोलने के संबंध में हमारी गृह मंत्री से चर्चा हुई। हमने उनके समक्ष अपनी बातें रखी है और मामले को दोबारा कैसे खोला जा सकता है, इस पर उन्हें कुछ सुझाव भी दिए।"
यह पूछे जाने पर कि यह मामला दोबारा कब खुलेगा, उन्होंने कहा कि गृह मंत्री इस संबंध में अपने अधिकारियों से चर्चा करेंगे। "हो, सकता है कि वह हमें फिर बुलाएं।"
इस बीच, इस मामले में दोषी पूर्व पुलिस महानिदेशक एस. पी. एस. राठौर के खिलाफ दायर की गई दो नई प्राथामिकियों में उन पर लगाए गए आरोपों की जांच के लिए हरियाणा सरकार ने एक समिति गठित कर दी है।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस महानिरीक्षक शत्रुजीत कपूर की अध्यक्षता में गठित इस समिति में पंचकूला जिले के पुलिस प्रमुख मनीष चौधरी को भी शामिल किया गया है। यह समिति मंगलवार शाम राठौर के खिलाफ दर्ज की गई नई प्राथमिकियों में लगाए गए आरोपों की जांच करेगी।
पंचकूला पुलिस ने राठौर के खिलाफ हत्या का प्रयास, धमकी देने, सबूतों से छेड़छाड़ करने और आपराधिक साजिश रचने जैसे गंभीर और गैरजमानती अपराधों के लिए निर्धारित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
राठौर ने इसके मद्देनजर पंचकूला की जिला और सत्र अदालत में बुधवार को अग्रिम जमानत की याचिका दायर की थी जिसे खारिज कर दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications