अब मोबाइल फोन से जानिए कुंडली का हाल
सॉफ्टवेयर कंपनी 'ओजस सॉफटेक प्राइवेट लिमिटेड' ने ऐसा सॉफ्टवेयर तैयार किया है जिसके जरिए लोग अपने मोबाइल फोन से न केवल जन्मपत्री बना सकते हैं बल्कि कुंडली मिलान, दैनिक राशिफल, दैनिक पंचांग सहित ज्योतिष से जुड़े कई अन्य काम भी कर सकते हैं। इस सॉफ्टवेयर को आगरा के गोवर्धन होटल में बुधवार को लांच किया गया।
सॉफ्टवेयर को 'ब्राह्मण महासभा' के अध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा ने लांच किया। उन्होंने कहा, "इन दिनों नयी पीढ़ी भी ज्योतिष में खासी दिलचस्पी रखने लगी है और मोबाइल फोन सभी के पास है। इस लिहाज से यह सॉफ्टवेयर खासा उपयोगी साबित हो सकता है।"
कंपनी के निदेशक प्रतीक मोहन पांडे ने बताया कि इस सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल करने के लिए ग्राहक को कंपनी को कोई शुल्क नहीं देना पड़ेगा। इसके लिए मोबाइल फोन में जीपीआरएस यानी इंटरनेट की सुविधा अवश्य होनी चाहिए।
उन्होंने बताया, ये सॉफ्टवेयर सभी मोबाइल प्लेटफॉर्म मसलन विंडोस मोबाइल, पॉम ओएस,एप्पल आईफोन, नोकिया, सोनी एरिक्सन, सैमसंग, एलजी, ओटू, एचटीसी, मोटोरोला और वैप आदि पर टेस्ट किया जा चुका है और सभी पर बखूबी संचालित होता है।
गौरतलब है कि भारत में 50 करोड़ से ज्यादा मोबाइल है, और लगभग एक तिहाई से अधिक मोबाइल सैट्स में इंटरनेट एक्सेस की सुविधा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications