ढाका की टेलीकॉम कंपनी के साथ सौदे के करीब भारती एयरटेल
समाचार पत्र 'डेली स्टार' में बुधवार को छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय कंपनी वारिद में 70 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने के करीब है और उसे बांग्लादेशी कंपनी के प्रमोटरों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल चुकी है। बांग्लादेशी कंपनी का प्रमोटर दुबई का एक समूह है, जिसके अधिकारी सौदे को अंतिम रूप देने के लिए यहां आए हुए हैं।
वारिद टेलीकॉम के अधिकारियों के हवाले से समाचार पत्र ने कहा, "इस दौरे के दौरान दोनों पक्षों के बीच एक सहमति पत्र पर हस्ताक्षर हो सकते हैं।"
इस सौदे को अंतिम रूप देने की दिशा में सहमति पत्र पहला चरण होगा।
इससे जुड़े एक घटनाक्रम में भारती एयरटेल के चेयरमैन और मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुनील भारती मित्तल ने मंगलवार को बांग्लादेश के संचार मंत्री रजिउदीन अहमद राजू से मुलाकात की।
भारती एयरटेल और दुबई के समूह के पाकिस्तान, बांग्लादेश, ईरान, युगांडा, कांगो और पश्चिम एशिया में विविध व्यावसायिक हित जुड़े हुए हैं। दोनों कंपनियों ने बांग्लादेश के दूरसंचार नियामक आयोग से इस सौदे की मंजूरी मांगी है।
आयोग ने इस बारे में बांग्लादेश में एयरटेल की निवेश की योजना और दोनों कंपनियों के निदेशक मंडल से मंजूरी की जानकारी मांगी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications