आलू की फसल की सुरक्षा के लिए किसानों ने उठाया बंदूक
पटना, 30 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी से सटे पालीगंज अनुमंडल के सोन नदी के किनारे बसे गांव के लोगों ने खेत में लगे आलू की फसल की रखवाली के लिए बंदूक उठा लिया है। पुलिस ने भी खेत में लगे फसल की सुरक्षा के लिए एक पुलिस पिकेट खोल दिया है।
पालीगंज अनुमंडल के रानीतालाब थाना क्षेत्र के जलपुरा गांव के लोगों के मुताबिक इस गांव में करीब 1100 एकड़ भूमि पर आलू की खेती की गई है। पहले से ही नक्सलियों के निशाने पर रहे इस गांव के लोगों को सूचना मिली की नक्सली संगठन खेतों में लगे आलू और खेतों से निकाल लिए गए आलू को लूटने की योजना बना रहे हैं। सूचना के बाद ग्रामीण अपनी-अपनी बंदूक लेकर अपने-अपने खेतों की रखवाली कर रहे हैं।
ग्रामीण ओमप्रकाश बताते हैं कि सोन नदी के किनारे बसे इस गांव के अलावे कटारी, मसोढ़ा तथा सिंगोरी गांव में इस वर्ष आलू की अच्छी पैदावार हुई है, जिस पर नक्सली गिरोह की नजर है।
इधर, पालीगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) दिलीप कुमार झा ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया कि इस इलाके में खेत में लगी फसल की सुरक्षा में लोग खुद तैनात हैं। इसके अलावे इलाके में चौबीस घंटे पुलिस गश्त लगा रही है।
वह बताते हैं कि मसौढ़ा गांव में पुलिस पिकेट भी खोल दिया गया है। उन्होंने बताया कि यह पुलिस पिकेट तब तक यहां रहेगा जब तक कि सभी किसानों के खेत से आलू घर तक न चला जाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications