संदिग्ध आतंकवादी को अस्पताल से छुट्टी, अज्ञात स्थान पर रखा गया
वाशिंगटन, 28 दिसम्बर (आईएएनएस)। अमेरिकी जांच एजेंसियां नाइजीरिया के उमर फारुक अब्दुल मुतल्लब को अज्ञात स्थान पर रखकर यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि किस कारण से ब्रिटेन में शिक्षा प्राप्त एक बैंक अधिकारी के बेटे ने क्रिसमस के दिन अमेरिकी विमान में विस्फोट का प्रयास किया।
डेट्रॉयट स्थित अमेरिकी अटार्नी कार्यालय ने बताया कि मिशिगन के एन अरबोर में एक अस्पताल में इलाज के बाद अब्दुल मुतल्लब (23 वर्ष) को छुट्टी दे दी गई। विस्फोट करने के प्रयास में वह जल गया था और उसका इलाज किया गया।
समाचार चैनल सीएनएन ने कहा कि जांचकर्ता अरब प्रायद्वीप से पश्चिम अफ्रीका और ब्रिटेन जैसे देशों की यात्राओं के बारे में जानकारी हासिल करने का प्रयास कर रहें हैं।
अब्दुल मुतल्लब ने पीईटीएन के उपयोग से विमान में विस्फोट करने का प्रयास किया। इसे पेंटाइरिथट्रॉल के रूप में भी जाना जाता है,जो बहुत खतरनाक विस्फोटक है।
एक संघीय सुरक्षा विज्ञप्ति में कहा गया कि अब्दुल मुतल्लब ने दावा किया कि उसने यमन से विस्फोट और उसके उपयोग के बारे में निर्देश हासिल किए।
सीएनएन ने एक अधिकारी के हवाले से कहा कि अब्दुल मुतल्लब के पिता ने नाइजीरिया में अमेरिकी दूतावास को कई माह पहले ही बताया था कि उनका बेटा चरमपंथी हो गया है।
अधिकारी ने कहा कि एक स्रोत के रूप में उसके पिता उमरु अब्दुल मुतल्लब भरोसमंद थे लेकिन उनके बेटे के अमेरिकी वीजा को रद्द करने को जायज ठहराने के लिए उनके पास पर्याप्त सूचनाएं या साक्ष्य नहीं थे। बहरहाल उनके बेटे को निगरानी सूची में शामिल कर लिया गया।
उसके पिता की सूचनाओं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई और अब्दुल मुतल्लब की एक फाइल पांच सप्ताह पहले खोली गई। फिर भी अब्दुल मुतल्लब को कथित पीईटीएन के साथ अमेरिकी विमान में सवार होने से रोक नहीं जा सका।
अब्दुल मुतल्लब सबसे पहले लागोस में केएलएम की उड़ान में सवार हुआ। नार्थवेस्ट की सहयोगी केएमएल के अधिकारियों और नाइजीरियाईअधिकारियों ने कहा कि अब्दुल मुतल्लब की दो बार सुरक्षा जांच की गई। परंतु एक अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि अब्दुल मुतल्लब विस्फोटकों का पता लगाने वाली विशेष जांच से नहीं गुजरा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications