अमेरिकी उड़ान में यात्री का संदिग्ध व्यवहार
अधिकारियों ने रविवार को नार्थवेस्ट की उड़ान संख्या 253 की जांच की और मामले को गंभीर नहीं पाया। इसके बाद सुरक्षा चेतावनी हटा ली गई।
चालक दल ने एक यात्री के संदिग्ध व्यवहार की सूचना देते हुए पुलिस सहायता का अनुरोध किया था। विमान के डेट्रॉयट में उतरने के बाद पुलिस ने यात्री से पूछताछ की। इसी उड़ान में शुक्रवार को एक नाइजीरियाई यात्री ने विस्फोट का असफल प्रयास किया था।
डेट्रॉयट में आतंकवाद विरोधी कार्यबल की एक प्रवक्ता सांद्रा ब्रेचटोल्ड ने कहा कि एक यात्री के काफी लंबे समय तक शौचालय में रहने के कारण रविवार को चेतावनी जारी की गई।
उन्होंने कहा कि यात्री के काफी अधिक समय शौचालय में रहने से चिंता पैदा हुई। जांच में कोई गंभीर बात सामने नहीं आई और सब कुछ सामान्य पाया गया।
सरकारी सूत्रों के हवाले से समाचार चैनल सीएनएन ने कहा कि यात्री ने करीब एक घंटे तक शौचालय में बिताया। इसके बारे में जब चालक दल के सदस्यों ने यात्री से पूछा तो वह नाराज हो गया।
वायनी काउंटी हवाई अड्डा प्राधिकरण के प्रवक्ता स्कॉट विंटर ने सीएनएन को बताया कि चालक दल ने डेट्रॉयट पहुंचने के बाद तुरंत पुलिस सहायता की अपील की।
नार्थवेस्ट एयरलाइंस की संचालक डेल्टा एयरलाइंस की प्रवक्ता सूसन इलियट ने कहा कि विमान रविवार दोपहर 12.34 बजे डेट्रॉयट पहुंचा। विमान के पहुंचने के करीब एक घंटे बाद सभी 257 यात्रियों को जाने की अनुमति दी गई।
व्हाइट हाउस ने कहा कि हवाई में छुट्टियां मना रहे राष्ट्रपति बराक ओबामा को भी इस ताजा घटना की जानकारी दी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications