अमेरिकी उड़ान में आतंकवादी के सवार होने की आशंका (लीड-1)
वाशिंगटन, 28 दिसम्बर (आईएएनएस)। एम्सटरडम से डेट्रॉयट जा रही एक उड़ान में रविवार को एक यात्री के संदिग्ध व्यवहार के बाद पुलिस से आपात सहायता मांगी गई। इससे दो दिन पहले ही इसी हवाई मार्ग पर एक नाइजीरियाई नागरिक ने एक उड़ान में विस्फोट का प्रयास किया था।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार विमान के डेट्रॉयट हवाई अड्डे पर उतरने के बाद एक नाइजीरियाई यात्री से पुलिस ने पूछताछ की। समाचार चैनल सीएनएन के अनुसार शौचालय में करीब एक घंटा बिताने के कारण जब उड़ान सहायक ने उससे पूछताछ की तो यात्री ने उससे बहस की। संदिग्ध व्यक्ति के पास से कोई विस्फोटक बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने उसे खतरनाक नहीं माना।
पुलिस ने उड़ान संख्या 253 के सभी यात्रियों के सामानों की तलाशी ली। इसी उड़ान में नाइजीरिया के नागरिक उमर फारुक अब्दुल मुतल्लब ने क्रिसमस के दिन कथित रूप से आगजनी का प्रयास किया था।
विमान में एक अन्य नाइजीरियाई के संदिग्ध व्यवहार से मामला अत्यधिक संवेदनशील बन गया।
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा को भी इस ताजा घटना की सूचना दी गई है।
व्हाइट हाउस के प्रवक्ता बिल बर्टन ने एक बयान में कहा, "राष्ट्रपति ने सभी हवाई यात्राओं में सुरक्षा के उच्चतम स्तर को बनाने के महत्व पर जोर दिया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications