जापानी प्रधानमंत्री दिल्ली में, मंगलवार को होगी द्विपक्षीय वार्ता
नई दिल्ली, 28 दिसम्बर (आईएएनएस)। जापान के प्रधानमंत्री युकियो हातोयामा प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ वार्षिक द्विपक्षीय सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए सोमवार को दिल्ली पहुंचे। दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच होने वाला यह सम्मेलन दोनों देशों के बीच आर्थिक व सामरिक संबंधों को विस्तार देने पर केंद्रित होगा।
हातोयामा मुंबई से यहां पहुंचे हैं। मुंबई में उन्होंने 26/11 के आतंकवादी हमले के प्रभावितों से मुलाकात की और शीर्ष उद्योगपतियों से बातचीत की।
दिल्ली हवाई अड्डे पर विदेश सचिव निरुपमा राव ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
मनमोहन सिंह सोमवार की शाम यहां अपने निवास पर हातोयामा के लिए एक निजी रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे।
दोनों नेता मंगलवार को प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे।
दोनों देश पिछले वर्ष मनमोहन सिंह की टोक्यो यात्रा के दौरान हुए एक सुरक्षा सहयोग समझौते की कार्ययोजना को अंतिम रूप देंगे।
हातोयामा की यह यात्रा मुक्त व्यापार क्षेत्र वार्ता के लिए राजनीतिक प्रयासों को बढ़ावा देने और भारत के बुनियादी ढांचा क्षेत्र में जापानी निवेश बढ़ाने पर केंद्रित होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications