तैयार है शिमला का आइस स्केटिंग रिंक
शिमला के 90 वर्ष पुराने आइस स्केटिंग रिंक में प्राकृतिक रूप से बर्फ की एक मोटी तह जमा हो जाने से इस बार इस पूरे मौसम में स्केटिंग के ज्यादा मजेदार सत्र होने की उम्मीद है।
आइस स्केटिंग क्लब के सचिव भुवनेश बांगा ने आईएएनएस से कहा, "इस साल सही समय पर रिंक में प्राकृतिक रूप से बर्फ का बनना शुरू हो गया था। हमें इन सर्दियों में अच्छी संख्या में स्केटिंग सत्र होने की उम्मीद है।"
उन्होंने कहा कि इन दिनों करीब 50 स्केटर्स और खासकर युवा स्केटिंग का मजा लेने के लिए आ रहे हैं।
उन्होंने कहा, "19 दिसम्बर से रिंक के छोटे से क्षेत्र में बर्फ की तह बनने लगी थी। अब पिछले कुछ दिनों में पूरे रिंक में बर्फ की एक मोटी तह बन गई है। यह सप्ताह में अधिक स्केटिंग सत्र होने का संकेत हैं।"
पिछले वर्ष की सर्दियों में स्केटर्स और पर्यटकों को निराश होना पड़ा था।
शिमला में सामान्य रूप से स्केटिंग के 65 से 90 सत्र होते हैं लेकिन पिछले वर्ष दिसम्बर 2008 से फरवरी 2009 तक केवल 27 सत्र ही हुए थे।
यह रिंक एशिया का एक अलग तरह का रिंक है जहां रात के समय मिट्टी पर पानी छिड़क कर छोड़ दिया जाता और यही पानी सुबह तक जम जाता है।
शिमला में सोमवार को न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो कि रविवार के तापमान से 0.4 डिग्री सेल्सियस कम है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications