तेलंगाना में प्रदर्शन जारी, क्रिसमस पर बंद नहीं
हैदराबाद, 25 दिसम्बर (आईएएनएस)। पृथक तेलंगाना राज्य के मसले पर केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम के बयान के बाद तेलंगाना क्षेत्र में दूसरे दिन शुक्रवार को भी विरोध प्रदर्शन जारी रहे। यहां के राजनीतिक दलों ने क्रिसमस के मौके पर बंद का आह्वान वापस ले लिया।
सभी दलों के संयुक्त संगठन 'संयुक्त कार्यसमिति' (जेएसी) ने शुक्रवार को बंद का आह्वान वापस ले लिया। इससे हैदराबाद और क्षेत्र के अन्य नौ जिलों में जनजीवन सामान्य होते देखा गया।
उस्मानिया विश्वविद्यालय में छात्रों का आमरण अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा। इन छात्रों की मांग है कि केंद्र सरकार तत्काल तेलंगाना के गठन की प्रक्रिया आरंभ करे। विश्वविद्यालय और हैदराबाद के कुछ दूसरे हिस्सो में अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है।
तेंलगाना में दुकानें, कारोबारी प्रतिष्ठान और ज्यादातर पेट्रोल पंप बंद रहे। राज्य में सड़क परिवहन निगम (आरटीसी) ने तेलंगाना के कुछ हिस्सों में बस सेवाएं शुरु कर दी है।
जेएसी द्वारा 48 घंटे के बंद के आह्वान के बाद गुरुवार को हिंसक प्रदर्शन हुए। प्रदर्शनकारियों ने कई बसों को आग लगा दी थी और सरकारी दफ्तरों में तोड़फोड़ की थी।
चिदंबरम के बुधवार देर शाम दिए गए बयान के बाद छात्र और विभिन्न दलों के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। गृह मंत्री ने कहा था कि आंध्र प्रदेश में हालात बदल चुके हैं और राजनीतिक दल इस मुद्दे पर बंट गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications