वाजपेयी को जन्मदिन की शुभकामना देने पहुंचें प्रधानमंत्री (राउंडअप)
कृष्ण मेनन मार्ग स्थित वाजपेयी के आवास पर प्रधानमंत्री उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देने पहुंचे और उनके दीर्घायु की कामना की। प्रधानमंत्री के अलावा भाजपा के तमाम वरिष्ठ नेता और पार्टी शासित राज्यों के सभी मुख्यमंत्री भी वाजपेयी को शुभकामनाएं देने उनके आवास पहुंचें।
वाजपेयी के आवास के एक अधिकारी ने बताया, "कुछ दिनों से वाजपेयी जी की सेहत ठीक न होने की वजह से वे सभी लोगों से नहीं मिल सके।"
इस अवसर पर पार्टी की युवा इकाई भारतीय जनता युवा मोर्चा ने पार्टी मुख्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया और गरीब छात्रों के बीच पुस्तकें वितरित की।
भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने केक की जगह 86 किलो का लड्ड काटा। वाजपेयी के बेहतर स्वास्थ्य की प्रार्थना के लिए कई समारोह व कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
मंडी हाउस स्थित फिक्की सभागार में इस अवसर पर उनकी दीर्घ एवं स्वस्थ्य आयु की कामना के लिए शाम 'लोक अभियान' संस्था द्वारा भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा ने भजन प्रस्तुत किए।
इस कार्यक्रम में नितिन गडकरी, जनता दल (युनाइटेड) के अध्यक्ष शरद यादव, लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज, राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरुण जेटली, समाजवादी पार्टी (सपा) के महासचिव अमर सिंह, शिवसेना नेता मनोहर जोशी, बीजू जनता दल (बीजद) के नेता बी.जे. पांडा तथा हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला शामिल हुए।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वाजपेयी को उनके जन्मदिन पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। चौहान ने इस मौके पर माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय द्वारा उन्हें डी. लिट की मानद उपाधि दिए जाने की जानकारी दी और उनकी सहमति प्राप्त की।
वाजपेयी ने डी. लिट की मानद उपाधि लेने की सहमति दी। यह उपाधि उन्हें दिल्ली में ही दी जाएगी। मुख्यमंत्री उन्हें इस बात से भी अवगत कराया कि लोक प्रशासन और स्वशासन का प्रशिक्षण देने के लिए प्रदेश सरकार ने अटल बिहारी लोक प्रशासन संस्थान की स्थापना का फैसला किया है।
वाजपेयी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के लिए मुख्यमंत्री के साथ मंत्रिपरिषद के सदस्य लक्ष्मीकांत शर्मा, कैलाश विजयवर्गीय, अनूप मिश्रा, सांसद नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रभात झा सहित प्रदेश के कई नेता पहुंचे।
गौरतलब है कि वाजपेयी का जन्म ग्वालियर में 25 दिसंबर 1924 को एक शिक्षक के परिवार में हुआ था। वह तीन बार देश के प्रधानमंत्री बने। वह देश के पहले ऐसे गैरकांग्रेसी प्रधानमंत्री थे जिन्होंने अपना कार्यकाल पूरा किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications