विधान परिषद चुनाव में एकजुटता दिखाएं कार्यकर्ता : मुलायम सिंह
सपा के प्रदेश इकाई के प्रवक्ता राजेंद्र यादव ने शुक्रवार को लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि पार्टी प्रमुख की तरफ से एक बयान जारी किया गया है, जिसमें मुलायम ने कहा है कि किसी भी पार्टी को तभी जीत मिलती है जब जमीनी स्तर पर उसके कार्यकर्ता एकजुटता से काम करते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता और नेता पूर्ण समर्पण के साथ काम करके पार्टी उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करें।
यादव ने कहा कि बसपा हर चुनाव में धनबल, बाहुबल और सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करती आ रही है, लेकिन पार्टी कार्यकर्ता इससे बिना विचलित हुए जीत के लिए काम करें। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जनतंत्र पर होने वाले किसी हमले से निपटने में सक्षम हैं।
इस दौरान सपा प्रमुख ने चेतावनी दी कि पार्टी विरोधी गतिविधियों की शिकायत मिलने पर दोषी कार्यकर्ताओं के विरूद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। ज्ञात हो कि सपा सात जनवरी को होने विधान परिषद के चुनाव में 36 में से 34 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। जिन 36 सीटों पर चुनाव हो रहा है उनमें सपा के पास 22, भाजपा के पास 6, रालोद के पास 2, कांग्रेस के पास एक सीट है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications