बिग बी से मिलने की इच्छा लिए दम तोड़ दिया इकरामुल
इकरामुल की मां रजिया सुल्तान ने शुक्रवार को बताया कि आखिरकार उनकी चौथी संतान भी प्रोजेरिया बीमारी के कारण चल बसी। उन्हें अब आशंका है कि इस बीमारी से ग्रसित 13 वर्षीय अलीहसन भी एक दिन उनलोगों को छोड़कर अल्लाह को प्यारा हो जाएगा।
उल्लेखनीय है कि सारण जिले के मांझी प्रखंड अंतर्गत डुमरी गांव के रजिया सुल्तान और मोहम्मद समसुद्दीन के पुत्र 22 वर्षीय इकरामुल के अलावा 13 वर्षीय अलीहसन प्रोजेरिया बीमारी से ग्रसित है।
अलीहसन के तीन भाई-बहनों की मौत प्रोजेरिया बीमारी से पहले हो चुकी है। इधर, रजिया का कहना है कि कोलकाता के एक चिकित्सक से इकरामुल और अलीहसन का इलाज करया जा रहा है परंतु आर्थिक तंगी के कारण इलाज कराना संभव नहीं हो पा रहा है।
राजिया के आठ संतानों में से तीन संतान पूरी तरह स्वस्थ हैं जबकि पांच को प्रोजेरिया बीमारी हो गई। इनमें तीन की मौत हो चुकी है।
इधर, अमिताभ की 'पा' सिनेमा के रिलीज होने के बाद प्रोजेरिया से पीड़ित अलीहसन और इकरामुल ने अमिताभ से मिलने की इच्छा जतायी थी। प्रोजेरिया से ग्रसित दोनों भाइयों को इलाज में मदद देने के लिए सरकार ने भी पहल की थी। पिछले दिनों राज्य के स्वास्थ्य मंत्री नंदकिशोर यादव ने प्रोजेरिया से ग्रसित दोनों भाइयों को मदद देने का आश्वासन दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications