तेलंगाना क्षेत्र के मंत्रियों का सामूहिक इस्तीफा
तेलंगाना क्षेत्र के सभी 13 मंत्रियों ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपना इस्तीफा भेजा। इससे पहले इन मंत्रियों ने मुख्यमंत्री के. रोसैया से राज्य सचिवालय में मुलाकात की।
मुलाकात के बाद सिंचाई मंत्री पोन्नाला लक्ष्मैया ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि मंत्रियों द्वारा इस्तीफा देने के फैसले से मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी. श्रीनिवास को अवगत कराया गया।
उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री ने हमसे आग्रह किया कि हम अपने फैसले पर पुनर्विचार करें लेकिन हमने उन्हें साफ कह दिया कि हमारे लिए मंत्री पद से कहीं ज्यादा तेलंगाना महत्वपूर्ण है। गत 23 दिसम्बर को सरकार की ओर से आए बयान से हमें बेहद दुख पहुंचा है क्योंकि केंद्र सरकार ने तेलंगाना राज्य के गठन के लिए कोई समय सीमा तय नहीं की है।"
इसके बाद सभी मंत्रियों ने सोनिया गांधी को अपना सामूहिक इस्तीफा भेज दिया। इन मंत्रियों ने विधानसभा की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया। इनके इस्तीफे स्वीकार कर लिए जाने के बाद रोसैया मंत्रिमंडल के सदस्यों के संख्या 21 रह जाएगी।
ज्ञात हो कि प्रदेश के सूचना व तकनीकी मंत्री के. वेंकट रेड्डी ने गुरुवार को ही अलग तेलंगाना राज्य की मांग के समर्थन में सबसे पहले मंत्री पद के साथ-साथ विधानसभा की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया था। उनके अलावा क्षेत्र के 64 विधायक भी पहले ही अपना इस्तीफा सौंप चुके हैं। इनमें कांग्रेस के 21, तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के 29, तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के सभी 10, प्रजा राज्यम पार्टी (पीआरपी) के एक और एक निर्दलीय विधायक शामिल हैं।
कुल 294 सदस्यों वाली आंध्र विधानसभा में 119 विधायक तेलंगाना क्षेत्र से आते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications