चण्डीगढ़ में स्वाइन फ्लू से 4 की मौत
मरने वालों की पहचान पंजाब की 17 वर्षीया प्रिया, हिमाचल प्रदेश की 38 वर्षीया रानी और हरियाणा के पिंजौर शहर की 22 वर्षीय मंजू के रूप में की गई है। स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआईएमईआर) ने इन मौतों की पुष्टि की है।
हरियाणा के पंचकूला शहर के 28 वर्षीय शिव कांत की भी इसी बीमारी से मौत हो गई।
चण्डीगढ़ में स्वाइन फ्लू से संबद्ध नोडल अधिकारी एच.सी. गेरा का कहना है,"इन मौतों के बारे में बुधवार देर रात जानकारी मिली। संबंधित राज्यों के स्वास्थ्य अधिकारियों को इस बारे में जानकारी दे दी गई है जो इन रोगियों के संपर्क में थे।"
उन्होंने बताया ,"छह और लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इनमें से दो चण्डीगढ़, तीन हरियाणा और एक हिमाचल प्रदेश का है। स्वास्थ्य विभाग के पास दवाओं की कोई कमी नहीं है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने की पूरी तैयारी है।"
चण्डीगढ़ के अस्पतालों में अब तक स्वाइन फ्लू के 700 संदिग्ध मामले सामने आए हैं, जिनमें से 300 लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications