तेलंगाना क्षेत्र से कांग्रेस सांसद देंगे इस्तीफा
हैदराबाद, 24 दिसम्बर (आईएएनएस)। केंद्र सरकार द्वारा तेलंगाना राज्य के गठन के प्रस्ताव को ठंडे बस्ते में डालने के विरोध में इस क्षेत्र से कांग्रेस के सांसदों ने गुरुवार को इस्तीफा देने का फैसला किया।
निजामाबाद से कांग्रेस सांसद मधु याश्की गौड़ और करीमनगर से पार्टी सांसद पूनम प्रभाकर ने तेलंगाना की जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए इस्तीफा देने का निर्णय लिया है।
तेलंगाना से पार्टी के सांसद नई दिल्ली में नलगोंडा से सांसद जी. सुधाकर रेड्डी के आवास पर बैठक करेंगे। इस बैठक में फैसला किया जाएगा कि इस्तीफा पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को सौंपा जाए या फिर लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार को भेजा जाए।
गौड़ ने तटीय आंध्र और रायलसीमा के सभी सांसदों और केंद्रीय मंत्रियों पर तेलंगाना को लेकर ब्लैकमेलिंग की रणनीति अपनाने का आरोप लगाया है।
उन्होंने मौजूदा संकट के लिए कडप्पा से कांग्रेस के सांसद वाई. एस. जगनमोहन रेड्डी को जिम्मेदार ठहराया। गौड़ ने कहा, "कुछ लोग पहले ही पार्टी को ब्लैकमेल करने की कोशिश कर चुके थे, वे ही इस हालात के जिम्मेदार हैं।"
गौरतलब है कि तेलंगाना क्षेत्र से लोकसभा में 17 सदस्य हैं जिनमें 12 सदस्य कांग्रेस के हैं। तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीरआरएस)के प्रमुख के. चंद्रशेखर राव सहित टीआरएस के दोनों सांसद पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications