स्वाइन फ्लू : इंदौर आने वाले यात्रियों पर विशेष नजर
प्रदेश में इस समय इंदौर में सबसे ज्यादा स्वाइन फ्लू पीड़ितों के प्रकरण सामने आ रहे हैं। प्रदेश में इस बीमारी से अब तक कुल सात लोगों की मौत हुई है जिनमें से पांच इंदौर के हैं।
इंदौर के जिलाधिकारी राकेश श्रीवास्तव ने गुरुवार को आईएएनएस को बताया कि बीमारी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में बाहर से आने वाले यात्रियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। इसके लिए हवाईअड्डा, रेलवे स्टेशन और बस अडडों पर चिकित्सकों की तैनाती की जा रही है जो बाहर से आने वाले लोगों पर नजर रखेंगे। यात्रियों में बीमारी के लक्षण नजर आने पर उनका नमूना ले कर परीक्षण कराया जाएगा। साथ ही उपचार का परामर्श दिया जाएगा।
उन्होंने आगे बताया कि इंदौर में अब 24 घंटे और सातों दिन स्क्रीनिंग केंद्रों को खुला रखा जाएगा ताकि मरीजों को इलाज की बेहतर सुविधा मिल सके।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications