सोरेन को मुख्यमंत्री बनाने को तैयार नहीं है कांग्रेस, भाजपा
बहरहाल, भाजपा ने साफ कर दिया है कि सरकार गठन की दिशा में वह कोई भी प्रयास नहीं करेगी बल्कि वह इससे संबंधित सभी गतिविधियों पर नजर रखने की रणनीति अपनाएगी।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "सरकार गठन की दौड़ में हम नहीं है। भविष्य में हम विकल्पों पर नजर रखेंगे।"
इस बीच भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने बताया, "हमने सरकार बनाने की सभी संभावनाओं से पार्टी आलाकमान को अवगत करा दिया है। हम झामुमो और ऑल झारखण्ड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) के साथ मिलकर सरकार बनाने की संभावनाएं भी खंगाल रहे हैं।"
उधर, शिबू सोरेन आज दिन भर बोकारो में पार्टी नेताओं के साथ बैठकें करते रहे और सरकार गठन पर चर्चाएं की। उनके बेटे हेमंत सोरेन भी दिन भर उनके साथ रहे।
हेमंत ने कहा, "अगले दो-तीन दिनों में प्रदेश का राजनीतिक परिदृश्य साफ हो जाएगा।"
कांग्रेस भी अपने सहयोगी दल झारखण्ड विकास मोर्चा (प्रजातांत्रिक) झामुमो के साथ मिलकर सरकार गठन का फार्मूला निकालने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस इस कोशिश में है कि मुख्यमंत्री का पद हर हाल में उसी के पास आए और शिबू को केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल करने के लिए मनाया जाए।
खाद्य व प्रसंस्करण मंत्री सुबोधकांत सहाय ने संवाददाताओं से चर्चा में कहा, "हमने दो मौकों पर शिबू को मुख्यमंत्री बनाया। अब उनकी बारी है कि वह कांग्रेसनीत सरकार का समर्थन करे।"
पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व वाली झाविमो ने भी साफ कर दिया है कि वह झामुमो की मांगों को स्वीकार नहीं करेगी। पार्टी के महासचिव प्रवीण सिंह ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "शिबू का यह बयान कि वह 'किंग' बनेंगे, 'किंगमेकर' नहीं, बेहद आपत्तिजनक है। झामुमो यदि सरकार का हिस्सा बना तो हम सरकार को बाहर से समर्थन देंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications