गोली चलाने वाला बसपा विधायक का बेटा जेल गया
मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट गीतांजलि गोयल ने पुलिस की मांग के अनुसार बसपा विधायक चंद्रबीर सिंह के बेटे विवेक सिंह को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
विवेक को बुधवार देर रात को हिरासत में लिया गया था। उसने नेहरु प्लेस के सत्यम कांप्लेक्स स्थित मोचा बार के प्रबंधक से विवाद के बाद लाइसेंसी हथियार से गोली चलाई थी।
विवेक उस वक्त तो मौके से भाग गया था परन्तु बाद में उसने पुलिस के समक्ष आत्म-समर्पण कर दिया।
पुलिस ने बताया कि विवेक की बहन दो मित्रों के साथ मंगलवार रात बार में खाना खाने गई थी। उस दौरान उसका पर्स खो गया। उसका पता लगाने के लिए वह बुधवार सुबह 11.45 बजे फिर बार पहुंची। उसके साथ विवेक और उसकी पत्नी भी थे।
विवेक अपनी पत्नी के साथ बाहर कार में बैठा रहा और उसकी बहन बार में गई। बार प्रबंधक की विवेक की बहन से तेज बहस हुई। इसके बाद मौके पर पहुंचे विवेक और प्रबंधक में भी झड़प हुई। विवेक ने लाइसेंसी हथियार से गोली चला दी। वह पत्नी और बहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications