क्रिसमस के लिए बनाई 5 फुट लंबी मोमबत्ती
बदायूं के सिविल लाइंस इलाके में रहने वाले नवीन कुमार ने गुरुवार को वहां संवाददाताओं को बताया कि इस मोमबत्ती की खास बात यह कि यह जलेगी पर एक ग्राम मोम भी नहीं पिघलेगा। खास तरीके से बनाई गई इस मोमबत्ती की लौ पर कम शक्ति का एक बल्ब और अंदर से बिजली के तार फिट किए गए हैं। इसमें लगे एक स्विच के माध्यम से इसे जलाया या बुझाया जा सकता है।
वजन और ऊंचाई के अलावा मोमबत्ती के ऊपर बनाई गई प्रभु ईशु की आकृति भी इसके आकर्षण का केंद्र है। कुमार ने बताया कि इस विशेष मोमबत्ती को बनाने में करीब एक हजार रुपये की लागत आई है।
कुमार के मुताबिक इस अनोखी मोमबत्ती को देखने के लिए मुहल्ले ही नहीं शहर के अलग-अलग इलाकों से लोगों की भारी भीड़ उनके घर पहुंच रही है।
35 वर्षीय कुमार ने कहा कि उन्होंने इस क्रिसमस के त्योहार पर अपने ईसाई दोस्तों के लिए यह खास मोमबत्ती बनाई है। वह दोस्तों को क्रिसमस पर ऐसा नायाब तोहफा देना चाहते थे, जो उनके क्रिसमस उत्सव को खास बना सके। तब उन्होंने इस विशेष मोमबत्ती को बनाने का फैसला किया।
मोमबत्ती बनाने की एक छोटी इकाई चलाने वाले कुमार कहते हैं कि इस विशेष मोमबत्ती को बनाने के लिए उन्हें खास सांचे तैयार कराने पड़े। कुमार को आकर्षक मोमबत्तियां बनाने के लिए कई बार पहले जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications