तेलंगाना क्षेत्र के 11 सांसद इस्तीफा देंगे
निजामाबाद से कांग्रेस सांसद मधु याश्की गौड़ और करीमनगर से पार्टी सांसद पूनम प्रभाकर ने कहा कि तेलंगाना की जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए उन्होंने इस्तीफा देने का निर्णय लिया है।
तेलंगाना से सभी पार्टियों के सांसद नलगोंडा से सांसद जी. सुधाकर रेड्डी के नई दिल्ली स्थित आवास पर बैठक करेंगे। इस बैठक में फैसला किया जाएगा कि इस्तीफा पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को सौंपा जाए या फिर लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार को भेजा जाए।
गौड़ ने तटीय आंध्र और रायलसीमा के सभी सांसदों और केंद्रीय मंत्रियों पर तेलंगाना को लेकर ब्लैकमेलिंग की रणनीति अपनाने का आरोप लगाया है।
उन्होंने मौजूदा संकट के लिए कडप्पा से कांग्रेस के सांसद वाई. एस. जगनमोहन रेड्डी को जिम्मेदार ठहराया। गौड़ ने कहा, "कुछ लोग पहले ही पार्टी को ब्लैकमेल करने की कोशिश कर चुके थे, वे ही इस हालात के जिम्मेदार हैं।"
निजामाबाद से सांसद ने आरोप लगाया कि तेलंगाना के विरोध में विधायकों के इस्तीफे के पीछे राज्यसभा सदस्य और दिवंगत मुख्यमंत्री के करीबी के.वी.पी. रामाचंद्र राव का हाथ था।
गौरतलब है कि तेलंगाना क्षेत्र से लोकसभा में 17 सदस्य हैं जिनमें 12 सदस्य कांग्रेस के हैं। तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीरआरएस)के प्रमुख के. चंद्रशेखर राव सहित टीआरएस के दोनों सांसद पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications