छात्र-पुलिस संघर्ष से हैदराबाद में तनाव

उस्मानिया विश्वविद्यालय में पुलिस द्वारा चलाई गई रबड़ की गोली से एक छात्र घायल हुआ। वहां विस्फोटक स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस और अर्धसैनिक बलों को भेजा गया। तेलंगाना मुद्दे पर केंद्र सरकार के रुख बदलने के बाद बुधवार रात से ही छात्र हिंसा पर उतर आए और कई बसों तथा ट्रकों में आग लगा दी।
पुलिस ने लाठीचार्ज किया
निजाम कॉलेज के छात्रों के साथ पुलिस के संघर्ष से शहर के हृदयस्थल बशीर बाग में हिंसा फैल गई। पुलिस ने छात्रों को विधानसभा की ओर बढ़ने से रोका तो उन्होंने पत्थराव किया। पुलिस ने लाठीचार्ज से उसका जवाब दिया। इसमें चार छात्र घायल हुए। छात्र कॉलेज वापस लौटे और सभी दरवाजे बंद करने के बाद 'पुलिस वापस जाओ' के नारे लगाए। ऐसी ही घटनाएं मशाब टैंक इलाके के पी.जी.कॉलेज में हुईं।
हिंसा को नियंत्रित करने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान एल.बी.नगर भी पहुंचे। राज्य में मुख्य विपक्षी दल तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के मुख्यालय एनटीआर ट्रस्ट भवन पर भी तनाव दिखाई दिया। यहां तेलंगाना समर्थक छात्रों और कार्यकर्ताओं ने पार्टी से पृथक राज्य के गठन पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग को लेकर हंगामा किया।
पृथक तेलंगाना राज्य के मसले पर केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम के बयान के बाद तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस)और अन्य संगठनों के 48 घंटे बंद के आह्वान से गुरुवार को हैदराबाद सहित पूरे तेलंगाना क्षेत्र में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। राज्य में सड़क परिवहन निगम (आरटीसी) ने तेलंगाना क्षेत्र में सभी बस सेवाओं को स्थगित कर दिया है। यहां निजी वाहन भी सड़कों से नदारद रहे। इस क्षेत्र में बुधवार देर रात कई जगहों पर हिंसा भी हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications