झामुमो से संपर्क में हैं स्थानीय नेता: कांग्रेस
सबसे बड़े गठबंधन के तौर पर उभरा कांग्रेस-झारखण्ड विकास मोर्चा- प्रजातांत्रिक (जेवीएम-पी) गठबंधन राज्य में सरकार गठन के लिए प्रयास कर रहा है। गठबंधन को 25 सीटें मिली है।
कांग्रेस प्रवक्ता शकील अहमद ने आईएएनएस से कहा, 'चुनाव पूर्व गठबंधनों में से हम सबसे बड़े गठबंधन के रूप में उभरे हैं। हम राज्य में धर्मनिरपेक्ष सरकार बनाने के लिए प्रयास कर रहे हैं।" उन्होंने कहा कि नई सरकार झामुमो के समर्थन से बन सकती है।
अहमद ने कहा, "स्थानीय कांग्रेस नेतृत्व झामुमो से संपर्क में है।" झामुमो ने 18 सीटों पर जीत दर्ज की है। पार्टी ने बुधवार को कहा था कि वह उस गठबंधन या दल को समर्थन देगी जो पार्टी अध्यक्ष शिबू सोरेन को मुख्यमंत्री बनाएगा।
विधानसभा चुनाव में जहां कांग्रेस गठबंधन ने 25 सीटों पर जीत दर्ज की है वहीं भाजपा-जनता दल (युनाटेड) गठबंधन ने 20 सीटें हासिल की है।
कांग्रेस ने बुधवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को भी संदेश भेजा था, जिसमें कहा गया था राजद अभी भी केंद्र में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन का हिस्सा है। राजद ने झारखण्ड विधानसभा चुनाव में पांच सीटों पर जीत दर्ज की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications