अमेरिकी अर्थव्यवस्था में सुधार के मिश्रित संकेत
अर्थव्यवस्था में सुधार का एक पक्ष अच्छी तस्वीर दिखाता है लेकिन दूसरी ओर नए घरों की बिक्री सात महीनों के न्यूनतम स्तर पर पहुंच गई है। इस कारण सुधार की गुंजाइश मिश्रित रह गई है।
अमेरिकी वाणिज्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक नवंबर महीने में यहां की जनता की आमदनी में 0.4 फीसदी (4.97 करोड़ डॉलर) इजाफा हुआ। अक्टूबर में यह आंकड़ा 0.3 फीसदी था। मई में अमेरिकी जनता ने 1.5 फीसदी के दर से अपनी आमदनी में इजाफा देखा था लेकिन उसके बाद इसका स्तर काफी नीचे चला गया था।
आमदनी होगी तो खर्च होगा ही। आमदनी के बढ़ते ही अमेरिकी जनता ने 0.5 फीसदी (4.79 करोड़ डॉलर) के दर से पैसे खर्च किए। अक्टूबर में यह दर 0.6 फीसदी थी।
नवंबर में व्यक्तिगत बचत 521.11 अरब डॉलर रही। अक्टूबर में यह 516.7 अरब डॉलर थी। इस तरह अमेरिकी जनता ने नवंबर में खर्च के लिए सुरक्षित राशि का 4.7 फीसदी हिस्सा विभिन्न मदों में खर्च किया।
दूसरी ओर, अमेरिका में नए घरों की बिक्री में नवंबर में पिछले महीने की तुलना में 11.3 फीसदी गिरावट दर्ज की गई। नवंबर में बिके नए घरों की संख्या 355,000 रही। नवंबर का यह आंकड़ा अप्रैल के बाद से दूसरा सबसे निराशाजनक आंकड़ा है। अप्रैल में 345,000 घर बिके थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications