विकास की राजनीति का पक्षधर हूं: गडकरी (लीड-2)
पार्टी मुख्यालय पर गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन में गडकरी ने कहा कि भाजपा की पहचान राष्ट्रवाद है और पार्टी की विचारधारा ही सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि उन्हें एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई और वह पार्टी में अपने सभी सहयोगियों को विश्वास में लेकर काम करेंगे।
पार्टी के वरिष्ठ सहयोगियों के साथ तालमेल के सवाल पर उन्होंने कहा, "मेरा कोई भी सहयोगी आलोचना करने के लिए स्वतंत्र है। अगर कोई साथी घर आकर मेरी त्रुटियों को बताता है तो मैं जरूर सुधार करूंगा। मैं अपने सभी साथियों की बात को महत्व दूंगा।"
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, "मैंने राजनीति को एक करियर के रूप में नहीं चुना है। मैं राजनीति को सामाजिक-आर्थिक सुधार का उपकरण मानता हूं।"
गडकरी ने कहा कि वह पार्टी के एक सामान्य कार्यकर्ता हैं और कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष या किसी अन्य पद का कार्यकाल एक निश्चित समय के लिए होता है लेकिन व्यक्ति आजीवन पार्टी का कार्यकर्ता बना रहता है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता के रूप में हमेशा कार्य करते रहेंगे और उन्हें इस पार्टी में होने पर गर्व है।
उन्होंने देश में आतंकवाद और नक्सलवाद एक बड़ी समस्या करार दिया। गडकरी ने कहा कि आतंकवाद का सामना सभी को मिलकर करना है और इसके खिलाफ लड़ाई में उनकी पार्टी सरकार के साथ मिलकर काम करेगी।
बतौर अध्यक्ष पहले संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेयी राजनीति में उनके प्रेरणास्रोत हैं।
गडकरी ने कहा कि यह सोच बिल्कुल गलत है कि भाजपा अल्पसंख्यक विरेधी है। उन्होंने कहा, "मैं धर्म और भाषा के नाम पर भेदभाव में यकीन नही करता। इस तरह का कोई भी भेदभाव स्वीकार नहीं किया जा सकता। परंतु आज अल्पसंख्यकों और आतंकवाद का तुष्टीकरण ही धर्मनिरपेक्षता की परिभाषा बन गई है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications