झारखण्ड में त्रिशंकु विधानसभा के आसार, कांग्रेस गठबंधन को बढ़त (लीड-3)
अब तक प्राप्त सभी सीटों के रुझानों के अनुसार कांग्रेस गठबंधन 24, राष्टीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 18 और झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) 18 सीटों पर आगे चल रहे हैं। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सहित अन्य 21 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। राजद सात सीटों पर आगे है।
राज्य में झामुमो एक निर्णायक दल के रूप में उभर रहा है। रुझानों से उत्साहित झामुमो ने ऐलान किया है कि वह उसी गठबंधन का साथ देगा जो उनके नेता शिबू सोरेन को बतौर मुख्यमंत्री स्वीकार करेगा।
पार्टी के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने आईएएनएस से कहा, "हम उन्हीं लोगों का समर्थन करेंगे जो सोरेन को मुख्यमंत्री बनाने में हमारा साथ देंगे।"
इस बीच, भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा है कि भाजपा राज्य में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर रही है। बुधवार चार बजे पार्टी संसदीय बोर्ड की बैठक होगी जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी।
इस बीच झारखण्ड विकास मोर्चा (प्रजातांत्रिक)के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि कांग्रेस -जेवीएम गठबंधन राज्य में सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि अगर हम बहुमत से कम भी रहे तो राज्य में प्रगति और विकास का समर्थन करने वाले हमारी मदद करेंगे।
जेल में बंद राज्य के पूर्व मंत्री एनोस एक्का कोलीबेरा और सिमदेगा विधानसभा सीटों पर पीछे चल रहे हैं। परंतु जेल में बंद में दो अन्य पूर्व मंत्री कमलेश सिंह और हरिनारायण राय क्रमश: हुसैनाबाद और जरमुंडी विधानसभा सीटों पर आगे चल रहे हैं।
इससे पहले सभी 81 विधानसभा सीटों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुधवार सुबह सात बजे मतगणना आरंभ हुई। कुल 1,511 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला होना है।
राज्य में पांच चरणों में संपन्न चुनाव के दौरान कुल 58 प्रतिशत मतदान हुआ। पहले चरण का मतदान 25 नवंबर और आखिरी चरण का मतदान 18 दिसम्बर को हुआ था।
राज्य में कुल 31 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं और 5,200 से अधिक कर्मचारी मतगणना में लगाए गए हैं। पुख्ता सुरक्षा के लिए लगभग 30,000 जवानों को तैनात किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications