गोवा समारोह के दौरान धूम्रपान कानून के उल्लंघन पर आपत्ति
पणजी, 23 दिसम्बर (आईएएनएस)। एक स्वयंसेवी संगठन 'नेशनल ऑर्गेनाइजेशन फॉर टोबैको इरेडिकेशन' (एनओटीई) ने पिछले सप्ताहांत गोवा में आयोजित संगीत समारोह 'बकार्डी ब्लास्ट' के दौरान हुए धूम्रपान कानून के उल्लंघन पर आपत्ति जताई है।
टेलीविजन समाचारों में समारोह के दौरान धूम्रपान करते श्रोताओं के दृश्य देखने के बाद इस घटना का संज्ञान लेते हुए एनओटीई के महासचिव शेखर साल्कर ने कहा कि तंबाकू विरोधी संगठन पणजी पुलिस स्टेशन में इसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराएगा।
साल्कर ने कहा, "सिगरेट एवं अन्य तम्बाकू उत्पाद अधिनियम का उल्लंघन करते हुए सार्वजनिक स्थलों पर दर्शकों को धूम्रपान की इजाजत देने के लिए समारोह के आयोजकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। एक सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान की इजाजत न देने की जिम्मेदारी आयोजकों पर है। हमने टेलीविजन दृश्यों में दर्शकों को धूम्रपान करते देखा है और ये दृश्य पर्याप्त सबूत हैं।"
उल्लेखनीय है कि एनओटीई ने बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान पर भी अपनी फिल्मों के जरिए धूम्रपान को प्रोत्साहित करने का आरोप लगाया था।
साल्कर ने आईएएनएस से कहा, "हमने भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) के दौरान भी सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान की ऐसी ही घटनाएं देखी थीं, जिसके बाद हमने स्थानीय पुलिस के पास प्राथमिकी दर्ज कराई थी।"
पुलिस अधीक्षक (उत्तरी जिला) बोस्को जॉर्ज कहते हैं कि पुलिस वीडियो साक्ष्य जमा करने के साथ दर्ज कराई गई शिकायत पर कार्रवाई करेगी।
जॉर्ज ने कहा, "सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान करना गैरकानूनी है। यदि वीडियो साक्ष्य उपलब्ध हैं तो हमें शिकायत दर्ज करने में कोई संकोच नहीं है।" आयोजकों ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications