तेलंगाना पर सर्वसम्मति के लिए व्यापक विचार-विमर्श की जरूरत : चिदम्बरम
चिदम्बरम ने कहा कि तेलंगाना की परिस्थतियां आज बदल गई हैं और इस मुद्दे पर राज्य के सभी राजनीतिक दल बंटे हुए हैं।
उन्होंने कहा, "केंद्र सरकार की तरफ से तेलंगाना के संबंध में गत नौ दिसम्बर को एक बयान जारी किया गया था। हालांकि उसके बाद अब तक राज्य की परिस्थितियां बहुत बदल चुकी हैं। राजनीतिक दल इस मुद्दे पर बंटे हुए हैं। इस पर सहमति बनाने के लिए सभी राजनीतिक दलों से व्यापक विचार-विमर्श की आवश्यकता है।"
चिदम्बरम ने कहा कि सरकार वार्ता की इस प्रक्रिया में सभी पक्षों की चिंताओं का ध्यान रखेगी। उन्होंने कहा, "केंद्र सरकार आंध्र प्रदेश की जनता, वहां के सभी राजनीतिक दलों और छात्रों से अपील करती है कि वे अपने प्रदर्शन वापस लें और राज्य में शांति और भाईचारे का माहौल बनाएं।"
उल्लेखनीय है कि तेलंगाना के मुद्दे पर बुधवार को ही कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर एक विशेष बैठक हुई जिसमें केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी, रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी, चिदम्बरम, कानून मंत्री एम. वीरप्पा मोइली और सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल ने हिस्सा लिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications