केयांग में पारा शून्य से 10 डिग्री सेल्सियस नीचे लुढ़का
मौसम कार्यालय के निदेशक मनमोहन सिंह ने आईएएनएस को बताया, "केयांग में बुधवार को पारा शून्य से 10.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।"
सिंह के मुताबिक राज्य के ऊंचाई वाले अधिकांश इलाकों में जबरदस्त ठंड पड़ रही है। बकौल सिंह, "किन्नौर जिले के कालपा कस्बे में राज्य में दूसरा न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से 4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।"
समुद्रतल से 7000 मीटर ऊंचाई पर स्थित राजधानी शिमला में भी रात के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को यहां रात का तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
इसके अलावा धर्मशाला और कुल्लु के करीब भुंतर में न्यूनतम तापमान क्रमश: 4.1 और शून्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों-शिमला, कसौली, मनाली, चंबा, डलहौजी और धर्मशाला में पिछले कुछ दिनों से दिन में अच्छी धूप खिली रहती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications