झारखण्ड में कांग्रेस और भाजपा गठबंधन में कांटे की टक्कर (लीड-4)
रांची, 23 दिसम्बर (आईएएनएस)। झारखण्ड में विधानसभा चुनाव की बुधवार को जारी मतगणना में अब तक घोषित 56 परिणामों कांग्रेस और भारती जनता पार्टी (भाजपा) गठबंधन के बीच कांटे की टक्कर नजर आ रही है।
ताजा नतीजों के अनुसार कांग्रेस गठबंधन 12, भाजपा गठबंधन को 17 और झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) 14 सीटें मिल चुकी हैं। इसके अलावा कांग्रेस गठबंधन 12 सीटों, भाजपा गठबंधन चार और झामुमो चार सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
राज्य में झामुमो एक निर्णायक दल के रूप में उभर रहा है। रुझानों से उत्साहित झामुमो ने ऐलान किया है कि वह उसी गठबंधन का साथ देगा जो उनके नेता शिबू सोरेन को बतौर मुख्यमंत्री स्वीकार करेगा।
पार्टी के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने आईएएनएस से कहा, "हम उन्हीं लोगों का समर्थन करेंगे जो सोरेन को मुख्यमंत्री बनाने में हमारा साथ देंगे।"
इससे पहले सभी 81 विधानसभा सीटों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुधवार सुबह सात बजे मतगणना आरंभ हुई। कुल 1,511 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला होना है।
राज्य में पांच चरणों में संपन्न चुनाव के दौरान कुल 58 प्रतिशत मतदान हुआ। पहले चरण का मतदान 25 नवंबर और आखिरी चरण का मतदान 18 दिसम्बर को हुआ था।
राज्य में कुल 31 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं और 5,200 से अधिक कर्मचारी मतगणना में लगाए गए हैं। पुख्ता सुरक्षा के लिए लगभग 30,000 जवानों को तैनात किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications