कभी जैक्सन के पीछे पड़ी थी एफबीआई!
वाशिंगटन, 23 दिसम्बर (आईएएनएस)। पॉप किंग माइकल जैक्सन की मौत के बाद उनके जीवन से जुड़ा एक और पहलू सामने आया है। दस्तावेजों की माने तो जैक्सन पर एक किशोर के साथ दुर्व्यवहार के मामले में अमेरिका का संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) भी एक समय उनके खिलाफ सबूतों को इकट्ठा करने में लगा हुआ था।
यह मामला वर्ष 1993 का है जब जैक्सन पर एक 12 वर्षीय किशोर के साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगा था। इस किशोर ने उस वक्त जांच एजेंसियों के साथ सहयोग से इंकार करते हुए जैक्सन के साथ करोड़ों डॉलर के एक समझौते को स्वीकार कर लिया था। वर्ष 2005 में जैक्सन को सभी आरोपों से बरी कर दिया गया था।
अब इस मामले से जुड़े दस्तावेज सूचना के अधिकार काननू के तहत एफबीआई द्वारा सार्वजनिक किए गए हैं। इनके अनुसार सांता बारबरा पुलिस ने जैक्सन की गिरफ्तारी से संदर्भ में एफबीआई से विचार-विमर्श भी किया था।
इन दस्तावेजों से पता चलता है कि एफबीआई और सांता बारबरा पुलिस के अधिकारी वर्ष 2004 में जैक्सन पर आरोप लगाने वाले से मिले थे। परंतु कथित पीड़ित से उन्हें किसी भी तरह का सहयोग नहीं मिला। माना जाता है कि जैक्सन ने दो करोड़ डॉलर की रकम अदा कर इस मामले को अदालत के बाहर ही सुलझा लिया था।
इस पूरे मामले की जांच के दौरान एफबीआई ने जैक्सन के वाहनों से जुड़े रिकार्ड को भी खंगाला था। जैक्सन पर अतीत में लगे आरोपों की तह में जाने के लिए एफबीआई के अधिकारी लंदन और मनीला भी पहुंचे थे।
एफबीआई ने उस मामले की भी जांच की थी जिसमें कनाडा में बच्चों के लिए काम करने वाले एक दंपति ने जैक्सन पर एक बच्चे के साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था। उल्लेखनीय है कि जैक्सन ने खुद को इस बच्चे का 'पालनहार' बताया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications