कश्मीर में पुलिसकर्मियों की हत्या

अल्ताफ़ हुसैन
बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर
भारत प्रशासित कश्मीर में संदिग्ध चरमपंथियों ने तीन पुलिसकर्मियों को गोली मार दी है.दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई है जबकि तीसरा घायल है.
पुलिस ने कहा है कि हमलावरों ने पंपोर टाउनशिप में मंगलवार को गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों पर गोली चलाई.
गोली लगने के बाद इन लोगों को अस्पताल ले जाया गया जहाँ दो पुलिसकर्मियों ने दम तोड़ दिया.
इस घटना के लिए किसी भी चरमपंथी गुट ने ज़िम्मेदारी नहीं ली है. पिछले कुछ सालों में भारत प्रशासित कश्मीर में चरमपंथ से जुड़ी हिंसक घटनाओं में कमी आई है लेकिन कुछ घटनाएँ होती रहती हैं.
फिर जुटने की कोशिश?
कुछ पुलिस अधिकारियों ने संदेह जताया है कि घाटी में चरमपंथी फिर से एकजुट होने की कोशिश कर रहे हैं.
इन अधिकारियों का कहना है कि भारतीय सेना ने इस साल घुसपैठ की कई कोशिशों को नाकाम किया है लेकिन फिर भी सैकड़ों चरमपंथी भारतीय सीमा में घुस गए हैं.
भारत का आरोप है कि पाकिस्तान ने जम्मू में सीमा पार से गोलीबारी की है जो दोनों सेनाओं के बीच दो साल से जारी संघर्षविराम का उल्लंघन है.
2008 में मुंबई हमलों के बाद भारत-पाक वार्ता निलंबित हो गई थी. भारत ने कहा है कि अगर पाकिस्तान अपनी धरती पर चरमपंथी ढांचे को नष्ट करता है और मुंबई हमलों के ज़िम्मेदार लोगों को सज़ा दिलाता है तो वो फिर बातचीत के लिए तैयार है.
वहीं पाकिस्तान का तर्क है कि भारत मिस्र में किए अपने उस वादे से मुकर रहा है कि वो आपसी बातचीत को आतंकवाद के मुद्दे से नहीं जोड़ेगा.












Click it and Unblock the Notifications