वेनेजुएला में दाखिल हुआ अमेरिकी खुफिया विमान : चावेज
कराकास, 21 दिसम्बर (आईएएनएस)। वेनेजएला के राष्ट्रपति ह्यूगो चावेज ने दावा किया है कि कुछ दिन पहले कोलंबिया से आ रहा अमेरिका का चालकरहित खुफिया विमान जासूसी के मकसद से उनके देश में दाखिल हुआ था और आगे फिर ऐसा हुआ तो विमान को मार गिराया जाएगा।
समाचार एजेंसी ईएफई के अनुसार चावेज ने रविवार को रेडियो और टेलीविजन पर प्रसारित होने वाले शो 'अल प्रेसिदेंतो' में कहा, "कुछ दिन पहले मध्य रात्रि में जूलिया प्रांत के सीमावर्ती इलाके फ्यूर्टे मारा में चालकरहित विमान दिखा था। सैनिकों ने इसे देखा और फिर उन्होंने अधिकारी को बुलाया। अधिकारी के पहुंचने तक विमान गायब हो चुका था।"
उन्होंने कहा, "यह एक छोटा विमान लगभग दो या तीन मीटर लंबा था। इसका परिचालन रिमोट से किया गया था। यह विमान पूरी तस्वीरें लेता है और बम भी गिराता है। यह येंकी टेक्नोलोजी है। बीती रात मैंने आदेश दिया कि अगर यह छोटा विमान फिर दिखता है तो इसे मार गिराओ।"
चावेज ने कोलंबियाई राष्ट्रपति अल्वारो उरिबे से कहा कि वह 'जिम्मेदारी के साथ' कदम उठाएं और वेनेजुएला पर 'हमले' के लिए अमेरिका के हाथों इस्तेमाल न हों।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications