भारतीय मालवाहक पोत फंसा, चालक दल के 28 सदस्य सुरक्षित (लीड-1)
वाशिंगटन, 21 दिसम्बर (आईएएनएस)। एक भारतीय मालवाहक पोत, अलस्का के अदक द्वीप से दक्षिण पश्चिम लगभग 865 किलोमीटर दूर सोमवार को लहरों के बीच फंस गया। अमेरिकी कोस्ट गार्ड ने इस भारतीय पोत, एपीजे सूर्यवीर के चालक दल के 28 सदस्यों को बचाने के लिए तत्काल प्रयास शुरू कर दिए हैं।
अधिकारियों ने बताया है कि लहरों के बीच फंसे मालवाहक पोत को बचाने के लिए कोस्ट गार्ड सी-130 ने उड़ान भरी है। इस बीच उत्तरी प्रशांत में 20 से 30 फुट ऊंची लहरें उठ रही हैं और हवाएं 50 मील प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं।
पोत पर सवार चालक दल के सभी 28 सदस्य सुरक्षित हैं और एक अन्य पोत के पहुंचने के साथ ही वे फंसे हुए पोत को छोड़ने की तैयारी कर रहे हैं।
कोस्ट गार्ड के एक कनिष्ठ अधिकारी जेफी रॉबटरे ने कहा, "हम संकटग्रस्त पोत से बराबर संपर्क बनाए हुए हैं। पोत पर सवार कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ है और पोत में जरा भी पानी नहीं घुसा है।"
रॉबटरे ने कहा है कि निजी व्यावसायिक मालवाहक पोत मीस्र्क अल्टेयर संकट ग्रस्त पोत की ओर बढ़ चला है और स्थानीय समय के अनुसार उसके दोपहर तक पहुंच जाने की संभावना है। संकटग्रस्त पोत को सोमवार तड़के अपने गंतव्य स्थल तक पहुंच जाना था, लेकिन खराब मौसम के कारण उसकी गति धीमी हो गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications