धाíमक ग्रंथ जलाए जाने से नाराज सिखों का हंगामा
लखनऊ, 21 दिसंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में धार्मिक ग्रंथ जलाए जाने से आहत सिख समुदाय के सैकड़ों लोगों ने सोमवार को उग्र प्रदर्शन किया, पुलिस से हाथापाई की, वाहनों में तोड़फोड़ की और आगजनी का प्रयास किया।
पुलिस के मुताबिक घटना जिले के फकरपुर थाना क्षेत्र के सरसपारा गांव की है। घटना के बाद गांव में तनाव व्याप्त हो गया है। तनाव को देखते हुए वहां भारी संख्या में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
फकरपुर थाना प्रभारी बृजेंद्र बहादुर सिंह ने सोमवार को संवाददाताओं को बताया कि फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण, लेकिन नियंत्रण में है। सिंह ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। फिलहाल घटना में मुख्य रूप से शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस के मुताबिक घटना रविवार देर रात की है। गांव के कुछ लोग गुरुद्वारे में घुसकर गुरुग्रंथ साहिब (धार्मिक पुस्तक) को उठा ले गए और बाहर उसमें आग लगा दी। सिख समुदाय के लोगों को घटना की जानकारी सोमवार सुबह उस समय हुई, जब उन्होंने ग्रंथ के जले हुए अवशेष देखे।
सिंह ने कहा कि प्रथम दृष्टया घटना के पीछे दो समुदायों के बीच जमीन विवाद की पुरानी रंजिश सामने आई है। दूसरे समुदाय के लोगों ने द्वेषवश घटना को अंजाम दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications