पश्चिमी मिदनापुर में पुलिस गोलीबारी में 2 की मौत
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि कालाबोनी गांव में केंद्रीय अर्धसैनिक बलों और राज्य सशस्त्र पुलिस के संयुक्त जवानों ने कालाबोनी जंगल इलाके में एक बारूदी सुरंग को नाकाम किया और 10 संदिग्ध नक्सलियों को घेर लिया। तभी अचानक गोलीबारी होने लगी। जवाब में सुरक्षाबलों ने भी गोलीबारी की।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-6 के समीप जब बारूदी सुरंग को नाकाम कर संदिग्ध माओवादियों को घेरा गया तो कुछ ग्रामीण आकर नारेबाजी करने लगे। उनको हटाने के लिए लाठीचार्ज किया गया।
ग्रामीण बाद में गांव में चले गए और तभी अचानक जंगल से भारी गोलाबारी होने लगी। सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। एक घायल आदमी को अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में सुरक्षाबलों को एक और शव मिला।
शीर्ष माओवादी कमांडर कोटेश्वर राव उर्फ किशनजी ने मीडिया के एक धड़े को बताया कि मारे गए लोग निर्दोष ग्रामीण-काजल महतो और सेंतु महतो थे।
इसी बीच एक अपुष्ट रिपोर्ट के अनुसार रविवार रात 11 बजे मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के दो कार्यकर्ताओं की नक्सलियों ने हत्या कर दी। पुलिस ने ऐसी किसी भी जानकारी से इंकार किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।