इस सप्ताह हो सकती है नए मुख्य सूचना आयुक्त की घोषणा
उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार नया मुख्य सूचना आयुक्त केंद्रीय सूचना आयोग से होगा।
एक शीर्ष सरकारी अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "संसद का मौजूदा सत्र समाप्त होने के बाद इसकी घोषणा की जाएगी।"
सरकार अभी वजाहत हबीबुल्लाह के उत्तराधिकारी के नाम की घोषणा नहीं कर पाई है। हबीबुल्लाह ने जम्मू एवं कश्मीर में सूचना आयोग के प्रमुख का कार्यभार संभालने के लिए अक्टूबर महीने में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
हबीबुल्लाह मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के अनुरोध पर कश्मीर जा रहे हैं। उन्होंने आईएएनएस से कहा, "मैं सेवा मुक्त नहीं हुआ हूं। सरकार जैसे ही मेरे उत्तराधिकारी की घोषणा करती है, मैं अपनी अगली जिम्मेदारी संभालने के लिए यहां से प्रस्थान कर जाऊंगा।"
सीआईसी की नियुक्ति एक सरकारी समिति द्वारा की जाती है, जिसमें प्रधानमंत्री, नेता प्रतिपक्ष और एक कैबिनेट मंत्री शामिल होता है।
इस मुद्दे पर समिति की एक बैठक पिछले महीने हुई थी। बैठक में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता लालकृष्ण आडवाणी और केंद्रीय कानून मंत्री एम.वीरप्पा मोइली ने हिस्सा लिया था। लेकिन वह बैठक बेनतीजा साबित हुई थी, क्योंकि आडवाणी ने नए सीआईसी की चयन प्रक्रिया को लेकर आपत्ति प्रकट की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications