अलार्म बजने से पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट में खलबली
इस्लामाबाद, 21 दिसम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की अदालत में सोमवार को तकनीकी खराबी की वजह से आग लगने की चेतावनी देने वाला अलार्म बज उठा। जिससे अदालत की कार्यवाही में व्यवधान पहुंचा और वकीलों तथा मुवक्किलों में दहशत फैल गई।
मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति इफ्तिखार मुहम्मद चौधरी की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय पीठ अदालत नंबर-1 में राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (एनएबी)के फैसले के खिलाफ एक अपील की सुनवाई कर रही थी। तभी अचानक अलार्म बज उठा। समाचार एजेंसी ऑनलाइन के अनुसार इससे अदालत की कार्यवाही में बाधा पहुंची।
चौधरी ने उसी समय अदालत की कार्यवाही रोक दी और वहां मौजूद सभी लोगों से कक्ष खाली करके सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा। न्यायाधीश अपने चैम्बर्स में चले गए और अन्य लोग सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए तथा सुरक्षाकर्मियों ने वहां की घेराबंदी कर दी।
सुप्रीम कोर्ट की इमारत खाली कराने के बाद सुरक्षाकर्मियों ने खबर दी कि सुपरवाइजरी स्टाफ की लापरवाही की वजह से अलार्म बजा। स्थिति स्पष्ट होने पर अदालत की कार्यवाही फिर से शुरू हो गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications