संयुक्त राष्ट्र का नेपाल के सभी पक्षों से संयम बरतने का आग्रह
पुलिस ने बताया कि करीब 72 लोगों को गिरफ्तार किया गया और सुरक्षाकर्मियों सहित करीब इतने ही लोग घायल हुए हैं। करीब एक दर्जन वाहनों को क्षतिग्रस्त किया गया और दुकानों और कारखानों को निशाना बनाया गया।
कोपेनहेगन में जलवायु परिवर्तन शिखर सम्मेलन से रविवार को वापस लौटे प्रधानमंत्री माधव कुमार नेपाल राजधानी के एक अस्पताल में भर्ती पुलिस उपाधीक्षक दिलइ चौधरी को देखने गए। प्रदर्शनकारियों से संघर्ष में चौधरी गंभीर रूप से घायल हुए थे और एक आपातकालीन ऑपरेशन के बाद उनकी हालत चिंताजनक बतायी जा रही है।
नेपाल में संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकारों से संबद्ध शीर्ष अधिकारी रिचर्ड बेनेट ने एक प्रेस बयान में कहा, "मैं सभी समूहों से संयम बनाए रखने और वार्ता के माध्यम से तनाव दूर करने का आग्रह करता हूं।"
नेपाल में संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त कार्यालय के प्रमुख बेनेट ने कहा कि राजा ज्ञानेंद्र के शासन के खिलाफ वर्ष 2006 में काठमांडू की सड़कों पर हुए प्रदर्शन के बाद से यह सबसे गंभीर हिंसा है।
संयुक्त राष्ट्र अधिकारी ने कहा कि इसे दोहराया नहीं जाना चाहिए।
इस अपील के बावजूद तीन दिनों की माओवादी आम हड़ताल के दूसरे दिन सोमवार को पूरे देश में तनाव कायम है। माओवादियों ने आम हड़ताल खत्म करने और वार्ता में शामिल होने की प्रधानमंत्री की मांग को ठुकरा दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*