'एकीकृत आंध्र प्रदेश' के लिए प्रदर्शन जारी
एकीकृत आंध्र प्रदेश की मांग को लेकर रायलसीमा के सभी इलाके सोमवार को बंद रहे वहीं तटीय आंध्र के कुछ इलाकों में भी बंद का असर देखा गया। विभिन्न दलों के नेताओं का अनशन भी सोमवार को जारी रहा।
कड्डपा जिले में सोमवार को दूसरे दिन भी बंद का आह्वान किया गया। यहां कांग्रेस विधायक वाई.एस.विवेकानंद रेड्डी की गिरफ्तारी के खिलाफ बंद का आह्वान किया गया है। पुलिस ने रेड्डी को अस्पताल में भर्ती करवा दिया है लेकिन उनका अनशन अस्पताल में भी जारी रहा।
सोमवार को चित्तूर और अनंतपुर जिले में सभी प्रमुख व्यावसायिक और शैक्षणिक प्रतिष्ठान बंद रहे। गुंटूर जिले में तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) ने अपने नेताओं की गिरफ्तारी के खिलाफ बंद का आह्वान किया है।
अनंतपुर जिले में तेदेपा के तीन विधायकों का अस्पताल में भी आमरण अनशन जारी रहा। अनशन पर बैठे एक विधायक की तबियत बिगड़ जाने के बाद उन्हें गुंटूर के अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है।
उधर, विजयवाड़ा के एक अस्पताल से नाटकीय तरीके से लापता होनेवाले अनशनरत कांग्रेस सांसद एल.राजगोपाल को तलाशने के लिए पुलिस कई जिलों में अभियान चला रही है। राजगोपाल रविवार रात सरकारी अस्पताल के आसपास तैनात 200 पुलिकर्मियों को चकमा देकर गायब हो गए थे। वह पिछले छह दिनों से अनशन पर हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications