झारखण्ड में पार्टियों ने सितारों पर नहीं नेताओं पर किया भरोसा
रांची, 18 दिसम्बर (आईएएनएस)। झारखण्ड चुनाव में इस बार प्रचार के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों ने फिल्मी कलाकारों पर नहीं बल्कि राजनेताओं पर भरोसा किया। झारखण्ड के राजनीतिक दलों को लगने लगा है कि जरूरी नहीं है कि सितारों की उपस्थिति उन्हें वोट दिला सके।
शुक्रवार को झारखण्ड विधानसभा चुनावों के लिए अंतिम चरण का मतदान हो रहा है और राजनेताओं का कहना है कि इस बात में कोई शक नहीं है कि फिल्मी कलाकार भीड़ को आकर्षित करते हैं लेकिन उनकी उपस्थिति से विजय सुनिश्चित नहीं होती। अप्रैल-मई में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान जीत के लिए सभी राजनीतिक दलों ने फिल्मी सितारों की मदद ली थी।
उस समय पूनम ढिल्लन, नग्मा, कुनिका और मिनिशा लांबा जैसी अभिनेत्रियों ने कांग्रेस के लिए प्रचार किया था। हेमा मालिनी और शत्रुघ्न सिन्हा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्य आकर्षण थे।
सेलिना जेटली ने झारखण्ड विकास मोर्चा-प्रजातांत्रिक (जेवीएम-पी) के लिए प्रचार किया था लेकिन विधानसभा चुनाव होने तक प्रचार में शामिल होने वाले सितारों की संख्या तेजी से गिरी है।
केवल अभिनेत्री नग्मा ने ही कांग्रेस के लिए वोट मांगे है और उन्होंने भी पांच चरणों में हुए चुनाव में से दो चरणों के मतदान में ही कांग्रेस के लिए वोट मांगे। शत्रुघ्न सिन्हा ने भाजपा के लिए प्रचार किया लेकिन भाजपा सूत्रों का कहना है कि वह वहां पर भाजपा सांसद के नाते उपस्थित थे ना कि एक अभिनेता के नाते।
झारखण्ड विधानसभा चुनावों में राष्ट्रीय स्तर के नेताओं ने पूरे राज्य में प्रचार किया। इन नेताओं में गुजरात, छत्तीसगढ़, बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र और जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्रियों सहित कई बड़े नेता शामिल हैं।
भाजपा की झारखण्ड इकाई के महासचिव शैलेष सिन्हा ने आईएएनएस से कहा, "विधानसभा चुनावों में स्थानीय मुद्दों की प्रमुखता थी। इस बार उम्मीदवारों को फिल्मी सितारों की आवश्यकता नहीं थी। स्थानीय नेता इन मुद्दों को ज्यादा अच्छे से समझ सकते थे और मतदाताओं से बात कर सकते थे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications