निर्देशक टोरो ने लिखी किताब
नई दिल्ली, 18 दिसम्बर (आईएएनएस)। 'पैन्स लैबरिन्थ' और 'हेलबॉय' जैसी फिल्मों के लिए प्रसिद्ध मेक्सिको के ऑस्कर विजेता निर्देशक ग्विलरमो डेल टोरो अब दर्शकों के सामने भूतों को पेश करने के लिए तैयार हैं लेकिन इसके लिए उन्होंने कैमरे की जगह कलम का इस्तेमाल किया है।
फिल्मकार से लेखक बने टोरो ने भूत-पिशाचों पर केंद्रित किताब 'द स्ट्रेन' लिखी है हालांकि उनका इस उपन्यास पर फिल्म बनाने का इरादा नहीं है।
टोरो ने जाने-माने अपराध कथा लेखक और हैमेट पुरस्कार से सम्मानित चक हूगन के साथ यह किताब लिखी है। भूत-पिशाच पर केंद्रित इस उपन्यास को तीन श्रृंखलाओं में प्रस्तुत किया जाएगा। किताब की पहली श्रृंखला 'द स्ट्रेन' प्रकाशित हो चुकी है। भारत में हार्परकोलिन्स-इंडिया ने नवंबर में यह किताब प्रकाशित की थी।
टोरो ने हॉलीवुड से आईएएनएस से ई-मेल साक्षात्कार में कहा, "मैं अपने पूरे जीवन में हमेशा भूत-पिशाच से आकर्षित रहा हूं। जब मैं बच्चा था तब मैं रिचर्ड मैथसन और जैफ राइस की किताब 'नाइट स्टाकर' को बहुत पसंद करता था। मुझे इस किताब की लेखन शैली बहुत प्रभावित करती थी। तभी से मैं भी ऐसी ही एक किताब लिखना चाहता था।"
टोरो ने बताया कि श्रृंखला की दूसरी किताब को 'द फॉल' और तीसरी किताब को 'द नाइट इटरनल' नाम दिया गया है।
टोरो कहते हैं कि वैसे तो एक पाठक के नाते उन्हें लघु कहानियां पसंद हैं, लेकिन यदि एक उपन्यास एक संक्षिप्त रचना है तो वह कहानी से कहीं अधिक सम्पूर्ण होता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications